समाचार

‘ संवैधानिक और सामाजिक संस्थाओं में महिलाओं की बराबर की भागीदारी हो ’

गोरखपुर। लचीली खेती परियोजना के अंतर्गत नौ मार्च को कैम्पियरगंज ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों—आलम चक, अलीगढ़ और तेनुआ विश्वम्भरपुर—में  “Give to Gain” थीम के अनुसार सामुदायिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री, ए.एन.एम., आशा वर्कर तथा जीईएजी ( गोरखपुर एनवायरमेंटल एक्शन ग्रुप) के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला किसानों की सामाजिक, आर्थिक और सामुदायिक निर्णयों में भागीदारी को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर गांवों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और समाज के महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।

महिलाओं ने खेती की योजना और निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, लड़का और लड़की की शिक्षा में समानता, परिवार में पोषण और आहार के मामले में बराबरी, संवैधानिक और सामाजिक संस्थाओं जैसे पंचायत, नगर निकाय, समितियों, किसान क्लबों और किसान संगठनों में महिलाओं की बराबर भागीदारी पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने इन सभी मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने और अपने अधिकारों व जिम्मेदारियों को निभाने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।

इसके साथ ही कार्यक्रम के अंत में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों ने “नारी के सहभाग बिना हर बदलाव अधूरा है ” , “ नारी शक्ति जागेगी, तभी गरीबी भागेगी ” का नारा लगाया।

Related posts