समाचार

विश्व नदी दिवस के अवसर पर 28-29 सितंबर को पटना में बिहार नदी संवाद का आयोजन

पटना। बिहार की नदियों और उसकी बेसिन में बस्ने वाले जन समुदाय के बीच कार्य करने वाले सामाजिक संगठनों, व्यक्तियों, शोधकर्ताओं और पत्रकारों द्वारा विश्व नदी दिवस के अवसर पर बिहार नदी सप्ताह मनाने का फैसला किया है।  बिहार नदी सप्ताह की समाप्ति 28 व 29 सितंबर को पटना में बिहार नदी संवाद के आयोजन के साथ होगी।

यह जानकारी आयोजन समिति की तरफ से महेंद्र यादव ने देते हुए बताया गया कि विश्व नदी दिवस के दिन बेगुसराय के भगवानपुर प्रखंड के सतराजोपुर में बलान नदी महापंचायत आयोजित होगी। उसके अलावे अनेक जगह कार्यक्रम होंगे। पूरे सप्ताह में कोशी, कमला, बलान, बागमती, चांदन, महानंदा बेसिन में अनेक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद 28 व 29 सितंबर को ठाकुर प्रसाद कम्यूनिटी हाल में बिहार नदी संवाद आयोजित होगा।

इस नदी संवाद में राज्य के नदियों और उसके साथ आश्रित समाज की बातें होंगी। प्रस्ताव बनेगा और सरकार से भी संवाद करने की कोशिश होगी। बिहार सरकार द्वारा अभी हाल में नदियों को जोड़ने की योजना, बैराज बनाने की योजना पर भी बातें होंगी। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा नदी कटाव पीड़ितों की अभी हाल में आई नीति के आधार पर बिहार की नदियों के कटाव पीड़ितों को बसाने की बातें भी उठेंगी ।

नदी संवाद में गंगा, कोशी, कमला, बागमती, अधवारा, लखनदेई, बलान, गंडक, पुनपुन, चांदन, फल्गु, सोन, किऊल, पंचाने इत्यादि नदी और उससे जुड़े समाज पर कार्य करने वाले लोग भाग लेंगे। इस याओजन को नदी, पानी, पर्यावरण और समाज को समर्पित विजय कुमार और रणजीव जी स्मृति को समर्पित किया गया है।