कैम्पियरगंज। गोरखपुर एन्वायरन्मेंटल एक्शन ग्रुप (GEAG) का स्वर्ण जयंती समारोह आज शाखा कार्यालय परिसर में सरकारी विभागों के अधिकारियों, साझेदार संस्थाओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति में मनाया गया।
इस अवसर पर संस्था की उपलब्धियों पर चर्चा हुई और वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों पर गंभीर विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख डॉ. शीराज वजीह, सचिव सुश्री निवेदिता मणि, उप पशु चिकित्सा अधिकारी चंद्रशेखर तथा सहायक कृषि विकास अधिकारी डॉ. अजय सिंह ने शाखा कार्यालय परिसर में पौधों को जल अर्पित कर किया।
कैंपियरगंज टीम के कार्यकर्ताओं ने अतिथियों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और उपस्थित लोगों से उनका परिचय कराया। इसके साथ ही संगठन के इतिहास और यात्रा का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. शीराज अख्तर वजीह ने कहा कि कैंपियरगंज क्षेत्र के किसानों के साथ संस्था ने कई दशक बिताए हैं। हमारा लक्ष्य पर्यावरण अनुकूल और प्रगतिशील कृषि को बढ़ावा देना है ताकि किसानों की लागत कम हो, मुनाफा बढ़े और पर्यावरण सुरक्षित रहे।
सचिव निवेदिता मणि ने आर्द्रभूमि संरक्षण, पारिस्थितिकी संतुलन, तथा आर्द्रभूमियों की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उप पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर और सहायक कृषि विकास अधिकारी डॉ.अजय सिंह ने जीईएजी के कार्यों की प्रशंसा की और भविष्य में सहयोग को और मजबूत करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में डॉ. शीराज वजीह ने किसान प्रतिनिधियों और अतिथियों को स्मृति उपहार देकर धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
समारोह में लचीली खेती, प्राविधिक नवाचारों तथा पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को मॉडल, जीवंत प्रदर्शन (Live Demonstration) और प्रदर्शनी की झलकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
किसानों और अतिथियों ने इन प्रदर्शनों को देखकर क्षेत्र में टिकाऊ खेती की संभावनाओं को करीब से समझा।
कार्यक्रम में संस्था के के. के. सिंह, अजय सिंह, मंजीत, मोहम्मद शमून, अंजू पांडेय, असलम, ज़ाकिर, निराला, दयाराम साहनी, राजन मीडिया प्रतिनिधि तथा लचीली खेती परियोजना से जुड़े सामुदायिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
