कोविड-19 पाजिटिव का पांच दिन से इलाज का रहा था निजी अस्पताल, सील हुआ

गोरखपुर। कूड़ाघाट में स्थित एक अस्पताल महराजगंज के कोविड-19 पाजिटिव व्यक्ति का पांच दिन से इलाज कर रहा था। यह जानकारी होने के बाद गुरूवार को अस्पताल को सील कर दिया गया। अस्पताल के मैनेजर के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

यह अस्पताल पंजीकृत भी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के पहुुंचने के पहले अस्पताल का संचालक अस्पताल बंद कर फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार महराजगंज जिले के पनियरा क्षेत्र के एक युवक की कोविड-19 जांच रिपोर्ट बुधवार की रात पाजिटिव आयी। जब उसकी खोज हुई तो पता चला कि वह परिवारीजनों के साथ गोरखपुर इलाज कराने गया है। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि उसका इलाज कूड़ाघाट के एक निजी अस्पताल गौतम बुद्धा अस्पताल में हो रहा है। जब अधिकारी वहां पहुुचे तो अस्पताल संचालक फरार हो चुका था। वहां मिले एक कर्मचारी से पता चला कि यहा भर्ती पनियरा के मरीज के आपरेशन की तैयारी चल रही थी। गुरूवार को जब उसके कोविड-19 पाजिटिव होने का पता चला तो अस्पताल संचालक ने उसे डिस्चार्ज कर दिया और अस्पताल को बंद कर दिया। अस्पताल के बोर्ड को भी हटाने की कोशिश हुई।

मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर ज्वाइंट मजिस्टेट गौरव सिंह सोगरवार ने अस्पताल को सील कराया। अस्पताल के 250 मीटर एरिया को कंटेनेमेंट जोन और 500 मीटर एरिया को बफर जोन घोषित कर पूरे एरिया को सील कर दिया गया है। अब यहां पर किसी तरह की दुकान नहीं खुल सकेगी और आवागमन पर रोक रहेगी।