समाचार

लोकतंत्र व संविधान पर बढ़ रहे हमले के खिलाफ संघर्ष तेज करना जरूरी : जयप्रकाश नारायण 

गोरखपुर। अधिवक्ता सभागार कलेक्ट्रेट में सात मई को भाकपा माले और अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा द्वारा आयोजित जन सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि देश में लोकतंत्र, संविधान और संघात्मक ढांचे पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं। जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है तथा किसानों, मजदूरों, नौजवानों और गरीबों के सवालों से ध्यान हटाकर नफरत और हिंसा का माहौल बनाया जा रहा है।

जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश नारायण ने कहा कि पहले चुनाव लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी सम्मान और भाईचारे का प्रतीक होते थे, लेकिन आज चुनाव के बाद हिंसा और दमन का माहौल पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान पर बढ़ रहे हमलों के खिलाफ व्यापक जनसंघर्ष तेज करने की जरूरत है। उन्होंने 15 मई की राष्ट्रीय हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मजदूर, किसान, नौजवान और आम जनता एकजुट होकर सरकार की जनविरोधी नीतियों का जवाब दें।\

जन संस्कृति मंच के महासचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि देश के संघात्मक ढांचे पर लगातार खतरे बढ़ रहे हैं। राज्यों के अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है तथा सत्ता का केंद्रीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंन कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए जनता को संगठित संघर्ष खड़ा करना होगा।

भाकपा माले राज्य स्थायी समिति के सदस्य राजेश साहनी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक असमानता लगातार बढ़ रही है। गरीबों, किसानों और मजदूरों के अधिकारों पर हमला तेज हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक एकजुटता और संघर्ष की जरूरत है।

भाकपा माले के जिला सचिव राकेश सिंह ने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण मजदूरों, किसानों और नौजवानों के सामने गंभीर संकट पैदा हो गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं लगातार महंगी और आम जनता से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 15 मई की राष्ट्रीय हड़ताल जनता की आवाज को बुलंद करने और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक प्रतिरोध का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

जन सम्मेलन को अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष श्याम चरण, जिला सचिव विनोद भारद्वाज, राज्य कमेटी सदस्य भाकपा माले मनोरमा चौहान, बिजली कर्मचारी यूनियन के  प्रदेश उपाध्यक्ष अश्विनी पांडेय, गौतम श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य के निजीकरण से आम जनता की परेशानियां लगातार बढ़ रही है।

Related posts