कुशीनगर। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के तुर्कहीं गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान पहुंची पुलिस पर हमले के मामले में 20 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
रविवार को सीओ की अगुवाई में बडी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवानों ने गांव में छापा मारा और गिरफ्तारी की। पुलिस के डर से गांव के लोग भाग गए हैं। छोटे बच्चे, बर्जुग , बीमार लोग ही गांव में दिख रहे हैं।
शनिवार को हनुमानगंज थाना क्षेत्र के तुर्कहीं गांव में आबादी की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया और वे मारपीट करने लगे। मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिय। इससे एक महिला का सिर फूट गया। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। इसमें तीन पुलिस कर्मियों को चोट आयी।
इस गांव में आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर रामा बिन्द और मदन बिंद के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए थे। इलाज कराने के बाद लौटे दोनों पक्षों के लोग शनिवार को फिर भिड़ गए। इसकी सूचना पाकर हनुमानगंज पुलिस सायंकाल मौके पर पहुंची. जिस वक्त पुलिस गांव में पहुंची, दोनों पक्ष आपस में भिड़े हुए थे। इसको देख कर पुलिस ने लाठी चलाना शुरु कर दिया। माहिलाओं पर भी पुलिस की लाठी गिरी। लाठी की चोट से एक महिला का सिर फट गया। इससे लोग उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव किया। पथराव में तीन पुलिस कर्मियों को चोट आयी।
पुलिस पर हमले की सूचना मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक खड्डा शिव स्वरूप खड्डा व नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
आज उप जिलाधिकारी खड्डा कोमल यादव ने गांव जाकर विवादित जमीन का सीमांकन करा दिया।
हनुमानगंज थाने के तुर्कही गांव केशव पट्टी ग्राम सभा का एक राजस्व ग्राम है जिसकी पूर्वी सीमा बिहार बॉर्डर से लगी हुई है। यहां पर मुसहर, बिंद, यादव, मल्लाह जाति के लोग अधिक संख्या में हैं।
जिस जमीन को लेकर विवाद हो रहा था, उसको सुलझाने के लिए ग्रामीणों ने अधिकारियों से कई बार फरियाद की थी लेकिन तब अफसरों ने उस पर ध्यान नहीं दिया। दो दिन पूर्व भाजपा सांसद विजय दूबे मास्क और सेनिटाइजर बांटने गांव आए थे जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस विवाद को गंभीरता से नहीं लिए जाने के बारे में उनसे उप जिलाधिकारी खड्डा और हनुमानगंज थाना प्रभारी की शिकायत भी की थी।
